घुघली नगर चेयरमैन समेत 7 लोगों पर मारपीट और गाली-गलौज का आरोप, जांच में जुटी पुलिस
- By UP Samachaar Plus --
- Friday 20 Dec, 2024
- 348
मुख्य संपादक - ओंकार नाथ वर्मा
UP Samachar Plus
घुघली (महाराजगंज), 20 दिसंबर। घुघली नगर पंचायत के चेयरमैन संतोष जायसवाल समेत सात लोगों पर मारपीट और गाली-गलौज का गंभीर आरोप लगा है। वार्ड नंबर 7 के निवासी अखिलेश मौर्य ने घुघली पुलिस को शिकायती पत्र देकर चेयरमैन और उनके सहयोगियों पर मोबाइल छीनने, धमकी देने और झूठे मामले में फंसाने का आरोप लगाया है। मामले की जांच में पुलिस जुट गई है।
अखिलेश मौर्य ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 19 दिसंबर की दोपहर करीब तीन बजे वह नगर पंचायत घुघली के धर्मशाला पहुंचे थे। उनका आरोप है कि चेयरमैन संतोष जायसवाल ने धर्मशाला को टेंट व्यवसायी अखिलेश जायसवाल को किराए पर दे रखा है। मौर्य धर्मशाला में रखे सामान का वीडियो बना रहे थे, तभी टेंट व्यवसायी और उनके छह अज्ञात सहयोगियों ने उन पर हमला कर दिया।
चेयरमैन के घर ले जाकर दी जान से मारने की धमकी
मौर्य का आरोप है कि हमलावरों ने उन्हें घसीटते हुए चेयरमैन संतोष जायसवाल के घर ले गए, जहां उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई। मौर्य के अनुसार, चेयरमैन और उनके सहयोगियों ने आग लगाकर जलाने की धमकी भी दी। उन्होंने कहा कि नगर में हो रहे विकास कार्यों के बारे में आरटीआई मांगने के कारण उन्हें निशाना बनाया गया।
इस दौरान जब अखिलेश मौर्य वहां से जान बचाकर भागना चाहा तो उक्त लोगों ने मिलकर अखिलेश मौर्य को धर्मशाला के पास ले गए और दरवाजे में लगे ताले के पास ले गए और अखिलेश मौर्य को फंसाने के लिए झूठा, गलत वीडियो बनवाया और अखिलेश मौर्य के साइकिल में ताला मारकर साइकिल छीन लिया गया।
झूठे मामले में फंसाने का आरोप
अखिलेश मौर्य ने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें धर्मशाला के पास ले जाकर झूठे वीडियो बनवाए गए और उनकी साइकिल छीन ली गई।
घुघली चौकी इंचार्ज रमेश चंद्र वरुण ने बताया कि अखिलेश मौर्य की शिकायत पर मामले की जांच की जा रही है।
चेयरमैन ने खारिज किए आरोप
इस मामले में नगर चेयरमैन संतोष जायसवाल ने आरोपों को खारिज किया है। उन्होंने कहा कि अखिलेश मौर्य धर्मशाला का ताला तोड़ने की कोशिश कर रहे थे। स्थानीय लोगों ने जब इसकी जानकारी दी तो मौर्य गाली-गलौज करते हुए वहां से भाग गए। मोबाइल और साइकिल छीनने का आरोप झूठा है।
पुलिस इस प्रकरण की छानबीन कर रही है।

